महिला को बाइक से टक्कर मारकर चालक फरार, FIR के बाद भी कार्रवाई नहीं — पीड़ित परिवार ने न्याय की लगाई गुहार।



पिथौरा। सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम साल्हेतराई में सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद अब तक आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे आरोपी खुलेआम घूम रहा है।



जानकारी के अनुसार ग्राम साल्हेतराई निवासी सुरेंद्र शौलांकी ने बताया कि 11 मार्च 2026 को उनकी माता चरौंधीन बाई शौलांकी और पिता लल्लाराम शौलांकी घरेलू काम से पैदल ग्राम भगतदेवरी गए थे। काम समाप्त कर दोनों रात करीब 8 बजे वापस अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान NH-53 मार्ग पर भैरोपुर मोड़ के पास पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल क्रमांक CG-06-GS-4396 के चालक धर्मेंद्र (पिता राजेंद्र, निवासी ग्राम भैंसाखुरी, थाना बसना) ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए चरौंधीन बाई को पीछे से टक्कर मार दी।



टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में उनके एक पैर की हड्डी टूट गई, साथ ही माथे और सीने में अंदरूनी गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। घटना के समय वहां मौजूद भैरोपुर निवासी मोनू (पिता ज्ञानचंद) ने पूरी घटना देखी और घायल दंपत्ति की मदद करते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
घायल महिला को पहले बसना के शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नायक अस्पताल चांपा रेफर कर दिया गया। फिलहाल वहां उनका इलाज जारी है।

पीड़ित के बेटे सुरेंद्र शौलांकी ने बताया कि वे मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। अचानक हुई इस घटना के बाद इलाज का खर्च उठाना उनके लिए काफी मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में 12 मार्च 2026 को सांकरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।


परिवार का आरोप है कि FIR दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहा है, जिससे उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद कम होती नजर आ रही है। सुरेंद्र शौलांकी ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाए और उनके परिवार को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि न्याय की उम्मीद में ही उन्होंने मीडिया का सहारा लिया है ताकि उनकी आवाज प्रशासन तक पहुंच सके।






रिपोर्टर - खेमराज साहू 








सवेरा 24 न्यूज 
संपादक
राजेश साव 7240825555


Post a Comment

Previous Post Next Post

Facebook