सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में आयोजित होने वाली मुख्य परेड में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से राष्ट्रीय मोटर साइकिल रैली निकाली जा रही है। इस वर्ष पहली बार आयोजित इस बाइक रैली का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
ओडिशा टीम के बाइक राइडर्स का घंटेश्वरी मंदीर तिराहा सरायपाली में, शासकीय महाविद्यालय के छात्र छात्राओं ने तिलक एवं आरती के साथ आत्मीय स्वागत। किया गया। इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार नायक, एसडीओपी सरायपाली श्री चंद्रशेखर परमा तथा शासकीय महाविद्यालय बसना की प्राचार्य श्रीमती संध्या भोई ने बच्चों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
रैली का मुख्य उद्देश्य लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के विजन को मजबूत करना तथा युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के लिए जागरूकता फैलाना है। रैली में शामिल बाइक राइडर्स जहां से भी गुजर रहे हैं, वहां राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और नशामुक्त समाज का संदेश दे रहे हैं।
ओडिशा टीम से आए बाइक राइडर्स निरीक्षक समर सिंह एवं विकास किशोर प्रधान के नेतृत्व में आगे बढ़ रही टीम ने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस पर गुजरात में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की जानकारी भी दी।
बाइक रैली ओडिशा सीमा से महासमुंद जिले के थाना सिंघोड़ा क्षेत्र में प्रवेश कर राष्ट्रीय राजमार्ग से आगे बढते हुए बसना के बाद सांकरा, पिथौरा, झलप चौक, पटेवा होते हुए तुमगांव पहुंची जहां पर बच्चों एवं आम नागरिकों ने तुमगांव में भी बाइक रैली का स्वागत किया। बच्चों एवं आम नागरिकों की उपस्थित में पुलिस अधीक्षक महासमुंद श्री प्रभात कुमार द्वारा बाईक रैली का स्वागत एवं बाईक राईडरों से परिचय प्राप्त किया गया तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक महासमुंद स्वयं उक्त बाईक रैली में शामिल हुए एवं रैली रायपुर जिले की सीमा की ओर रवाना हो गई।
संपूर्ण कार्यक्रम में करीब 600 छात्र-छात्राएं एवं आम नागरिक एवं पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति के संदेश के साथ आगे बढ़ रही यह बाइक रैली युवाओं एवं आम नागरिकों को एकता, सामाजिक सद्भाव और नशे से मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है।
सवेरा24न्यूज़
राजेश साव 7240825555

