महासमुंद। कांग्रेस के सक्रिय नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अपराधों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि वर्तमान समय में समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवाओं में तेजी से फैलता नशा बन चुका है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नशा अब अपराधों की मुख्य वजह बन गया है, जिसके चलते अपराधों में दिन दूनी और रात चौगुनी वृद्धि देखी जा रही है।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि पहले जहां ग्रामीण अंचलों में शांति, सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बना रहता था, वहीं अब छोटी-छोटी बातों पर गंभीर अपराध जैसे मारपीट, हत्या और विवाद आम हो गए हैं। उन्होंने हाल ही में बसना थाना क्षेत्र के इन्दरपुर (मालिडीह) में हुई हत्या और सांकरा थाना क्षेत्र के बड़े टेमरी में घटित हत्या की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों में नशा एक प्रमुख कारण के रूप में सामने आया है, जो समाज के लिए बेहद चिंताजनक संकेत है। उन्होंने कहा कि आज का युवा वर्ग तेजी से नशे की चपेट में आ रहा है। चाहे वह शराब हो या अन्य मादक पदार्थ (ड्रग्स), इनका सेवन युवाओं की सोचने-समझने की क्षमता को कमजोर कर रहा है। नशे की हालत में युवा सही और गलत का अंतर भूल जाते हैं और आवेश या बहकावे में आकर गंभीर अपराधों को अंजाम दे देते हैं। इसका दुष्परिणाम न केवल उनके व्यक्तिगत जीवन पर पड़ता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ती है। मोक्ष कुमार प्रधान ने आगे कहा कि नशे का अवैध कारोबार भी तेजी से फैल रहा है, जो युवाओं को इस दलदल में धकेल रहा है। उन्होंने प्रशासन और शासन से मांग की कि अवैध नशे के व्यापार पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाए। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा न जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल कानून व्यवस्था को मजबूत करने से ही इस समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें खेल, शिक्षा, रोजगार और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करना आवश्यक है। स्कूलों, कॉलेजों एवं सामाजिक संगठनों को भी नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। मोक्ष कुमार प्रधान ने प्रदेश के गृहमंत्री से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। छत्तीसगढ़ को अपराध मुक्त और सुरक्षित राज्य बनाने के लिए नशे के खिलाफ व्यापक, सख्त और निरंतर अभियान चलाया जाना बेहद आवश्यक है।अंत में उन्होंने कहा कि यदि शासन, प्रशासन और समाज मिलकर ठोस और प्रभावी कदम उठाते हैं, तो निश्चित रूप से नशे और अपराध पर नियंत्रण पाया जा सकता है तथा युवाओं को एक सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य प्रदान किया जा सकता है।
रिपोर्टर - खेमराज साहू
सवेरा 24 न्यूज संपादक राजेश साव 7240825555
Tags
महासमुंद/बसना
