युवती के अंधे कत्ल का पुलिस ने किया 6 घंटे के भीतर खुलासा
शादी के वादे से मुकरने और बदनामी के डर से प्रेमी ने ही की थी हत्या
आरोपी प्रेमी लोकनाथ पटेल गिरफ्तार
दिनांक 24.03.26महासमुंद जिले के थाना बसना अंतर्गत ग्राम इंद्रपुर में हुई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 24.03.2026 की सुबह ग्राम इंद्रपुर निवासी रामदास अजगल्ले ने सूचना दी कि उसकी 21 वर्षीय पुत्री पुष्पा अजगल्ले, जो जन्म से मूकबधिर थी, का शव घर से करीब 150 मीटर दूर रविलाल नाग के खेत में लहूलुहान अवस्था में पड़ा मिला है। मृतिका के सिर और चेहरे पर किसी भारी वस्तु से प्राणघातक वार किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक महासमुंद के निर्देशन विशेष टीम का गठन किया गया। घटनास्थल पर तत्काल वैज्ञानिक अधिकारी (FSL) और डॉग स्क्वाड को बुलाकर सूक्ष्म निरीक्षण कराया गया और अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस को मृतिका के पिता से एक महत्वपूर्ण सुराग मिला। गांव के ही लोकनाथ पटेल (पिता कीर्तन लाल पटेल, उम्र 27 वर्ष) ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि मृतिका गर्भवती थी और वह लोकनाथ पर शादी के लिए दबाव बना रही थी। इसी आधार पर पुलिस ने संदेही लोकनाथ पटेल को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।आरोपी लोकनाथ पटेल ने पूछताछ में बताया कि पुष्पा के गर्भवती हो जाने के बाद वह उस पर लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी। लोकनाथ समाज में बदनामी के डर से शादी नहीं करना चाहता था और उसने पुष्पा को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
दिनांक 23.03.2026 की मध्य रात्रि करीब 12:30 से 01:00 बजे के बीच उसने पुष्पा को बहला-फुसलाकर घर के पीछे खेत में बुलाया। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद लोकनाथ ने पास पड़े एक भारी पत्थर से पुष्पा के सिर को पटक कर चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर और घटना के समय पहने हुए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
सवेरा24न्यूज़राजेश साव 7240825555
Tags
बसना/ महासमुंद
