हर घर नल, हर घर जल” अब जमीनी हकीकत में सवालों के घेरे में --मोक्ष कुमार प्रधान

 



महासमुंद/बसना विधानसभा में सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “हर घर नल, हर घर जल” अब जमीनी हकीकत में सवालों के घेरे में है। बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने तीखे शब्दों में हमला बोलते हुए कहा कि जिस योजना को देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में प्रस्तुत किया गया था, वही आज क्षेत्र में “डिफॉल्टर प्रोजेक्ट” बनकर रह गई है।


प्रधान ने बताया कि बसना विधानसभा अंतर्गत दो प्रमुख ब्लॉक—बसना और पिथौरा—में करोड़ों रुपये की लागत से जल जीवन मिशन के तहत पानी टंकी निर्माण, पाइपलाइन बिछाने और हर घर तक पानी पहुंचाने का दावा किया गया था। कागजों में यह योजना भले ही पूरी दिख रही हो, लेकिन हकीकत में गांव-गांव के लोग आज भी बूंद-बूंद पानी के लिए तरसने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि कई गांवों में पानी टंकियां तो खड़ी कर दी गई हैं, पाइपलाइन भी बिछाई गई है, लेकिन पानी का नामोनिशान नहीं है। कहीं मोटर खराब पड़ी है, कहीं पाइपलाइन अधूरी है, तो कहीं बिजली की समस्या के कारण सप्लाई ठप है। परिणामस्वरूप ग्रामीणों को आज भी पुराने हैंडपंप और कुओं पर निर्भर रहना पड़ रहा है।


मोक्ष कुमार प्रधान ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अभी भीषण गर्मी की शुरुआत भी नहीं हुई है और यह हाल है, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भयानक हो सकती है। जब तापमान चरम पर पहुंचेगा, तब ग्रामीणों का जीना मुहाल हो जाएगा और सरकार की नाकामी साफ नजर आएगी।

उन्होंने आगे कहा कि जब यह योजना लॉन्च हुई थी, तब हर पेट्रोल पंप, हर सरकारी प्रचार में “हर घर नल, हर घर जल” का नारा गूंज रहा था और इसे देश का सबसे बड़ा जनकल्याणकारी प्रोजेक्ट बताया गया था। लेकिन आज वही योजना जमीनी स्तर पर पूरी तरह फेल साबित हो रही है और जनता इसे “डिफॉल्टर प्रोजेक्ट” कहकर पुकार रही है।


प्रधान ने आरोप लगाया कि इस योजना में भारी भ्रष्टाचार, लापरवाही और निगरानी की कमी साफ दिखाई देती है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि लोगों को पानी नहीं मिल रहा, तो यह सीधे-सीधे जनता के साथ धोखा है।
अंत में उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की कि इस योजना की उच्चस्तरीय जांच करवाई जाए, दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, और जल्द से जल्द हर गांव में नियमित पानी आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। अगर समय रहते सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले समय में यह मुद्दा बड़ा जनआंदोलन का रूप ले सकता है।



सवेरा24न्यूज़
राजेश साव 7240825555

Post a Comment

Previous Post Next Post

Facebook