महासमुंद/बसना। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही किसानों को खाद संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसी गंभीर समस्या को लेकर बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने किसान कांग्रेस बसना ब्लॉक अध्यक्ष केशव साव तथा किसान नेताओं मनोज प्रधान, सुंदरमणी साव, हेमलाल साव और ऋषिकेश साव के साथ ग्रामीण सेवा सहकारी समिति कुरचुंडी एवं गढ़फुलझर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों समितियों में बड़ी संख्या में उपस्थित किसानों ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि आज तक किसी भी किसान को यूरिया खाद उपलब्ध नहीं हो पाई है, जबकि डीएपी खाद का वितरण मार्च महीने से बंद पड़ा हुआ है। किसान लगातार समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें केवल "आज मिलेगा, कल मिलेगा" कहकर टाला जा रहा है।इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा सीधे किसानों को भुगतना पड़ रहा है। खेती-किसानी का समय शुरू हो चुका है, लेकिन किसानों को आवश्यक खाद तक उपलब्ध नहीं कराना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है।उन्होंने कहा कि "मार्च महीने से डीएपी का वितरण नहीं होना किसानों के साथ सीधा अन्याय है। यह केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि किसानों को परेशान करने की साजिश प्रतीत होती है। यदि समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई गई तो किसान आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।"मोक्ष कुमार प्रधान ने चेतावनी देते हुए कहा कि बसना ब्लॉक की सभी ग्रामीण सेवा सहकारी समितियों के साथ-साथ पिथौरा ब्लॉक की समितियों का भी निरीक्षण किया जाएगा। यदि व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ और किसानों को समय पर यूरिया एवं डीएपी उपलब्ध नहीं कराया गया, तो किसानों के साथ मिलकर एक विशाल जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।उन्होंने बताया कि जल्द ही किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल किसान कांग्रेस एवं जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर खाद संकट की गंभीरता से अवगत कराएगा और किसानों के हित में तत्काल समाधान की मांग करेगा।
किसानों की एक ही पुकार — खाद दो, खेती बचाओ!
समय पर खाद नहीं, तो सड़क पर संघर्ष तय!बसना क्षेत्र के किसानों ने भी स्पष्ट कर दिया है कि अब वे अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर लड़ाई लड़ेंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
सवेरा 24 न्यूज़ संपादक राजेश साव 7240825555
Tags
बसना/महासमुंद
