महासमुंद / बसना। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही बसना विधानसभा क्षेत्र में खाद संकट गहराता जा रहा है। किसानों को समय पर आवश्यक खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। इसी गंभीर समस्या को लेकर बसना विधानसभा के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने किसान कांग्रेस बसना ब्लॉक अध्यक्ष केशव साव तथा वरिष्ठ कांग्रेसी महिपाल जटाल के साथ ग्रामीण सेवा सहकारी समिति अंकोरी, कायतपाली, चिमरकेल एवं बड़े ढाभा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि खरीफ फसल की बुवाई का समय शुरू हो चुका है, लेकिन समितियों में किसानों की जरूरत के अनुरूप डीएपी खाद उपलब्ध नहीं है। किसानों को उनकी मांग के विपरीत यूरिया एवं सुपर फॉस्फेट दिया जा रहा है, जिससे वे भारी परेशान हैं। किसानों का कहना है कि धान सहित अन्य खरीफ फसलों की प्रारंभिक वृद्धि के लिए डीएपी सबसे अधिक आवश्यक होता है, लेकिन उसकी उपलब्धता नहीं होने से खेती प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि प्रदेश का अन्नदाता आज खाद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। किसान समितियों में कर्ज लेकर अग्रिम राशि जमा करते हैं, इसके बावजूद उन्हें आवश्यकता अनुसार खाद नहीं मिल रहा है। यह किसानों के साथ अन्याय है। सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल कागजी दावे कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत पूरी तरह अलग है।उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के आरंभ में यदि किसानों को डीएपी खाद नहीं मिलेगा तो इसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा। इससे न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर होगी, बल्कि प्रदेश के कृषि उत्पादन पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा। सरकार को तत्काल सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में डीएपी, एनपीके एवं अन्य आवश्यक उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए। मोक्ष कुमार प्रधान ने आरोप लगाया कि सरकार की अव्यवस्थित खाद वितरण व्यवस्था के कारण किसान घंटों समितियों के चक्कर काट रहे हैं। कई किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसानों का आक्रोश बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी दिनों में सभी सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराया गया तो कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ मिलकर सड़क से लेकर प्रशासनिक कार्यालयों तक जोरदार आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस अवसर पर किसान कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने एक स्वर में खाद संकट का तत्काल समाधान करने और सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों ने कहा कि समय पर खाद नहीं मिलने से उनकी खेती और आजीविका दोनों संकट में पड़ गई हैं। सरकार को किसानों की पीड़ा समझते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
सवेरा 24 न्यूज़
संपादक
राजेश साव 7240825555
Tags
महासमुंद/बसना
