पिथौरा 5 जूलाई 2026 / पिथौरा विकासखंड के तेंदूकोना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भुरकोनी सहित आसपास के गांवों में बिजली व्यवस्था की बदहाली को लेकर अब ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ने लगा है। बारिश से पूर्व बिजली विभाग द्वारा मेंटेनेंस और ट्री कटिंग के नाम पर कई बार घंटों बिजली आपूर्ति बंद रखी गई, लेकिन पहली ही बारिश ने विभाग की तैयारियों की पोल खोल दी।ग्रामीणों का कहना है कि जिस सुधार कार्य के नाम पर लोगों को बार-बार बिजली कटौती झेलनी पड़ी, उसका असर धरातल पर कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। मामूली बारिश और हवा चलते ही क्षेत्र की बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है और कई बार 24 घंटे तक गांव अंधेरे में डूबे रहते हैं।बिजली गुल रहने से पेयजल व्यवस्था, घरेलू कार्य, बच्चों की पढ़ाई और किसानों के कामकाज पर असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो वे बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।ग्रामीणों का आरोप है कि हर साल बारिश से पहले मेंटेनेंस के दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश शुरू होते ही वही पुरानी समस्या सामने आ जाती है। अब ग्रामीण सिर्फ आश्वासन नहीं बल्कि स्थायी समाधान चाहते हैं।
सवेरा 24 न्यूज़
संपादक
राजेश साव 7240825555
Tags
पिथौरा/महासमुंद
