चार साल के पौधे ने राष्ट्रपति भवन में बिखेरी सुगंध: पिथौरा के रामदर्शन पब्लिक स्कूल की ऐतिहासिक उपलब्धि




 पिथौरा की माटी से देश की राजधानी के 'प्रथम निवास' अर्थात राष्ट्रपति भवन तक का यह सफर, स्वप्न और यथार्थ के संगम सा प्रतीत होता है। महज़ चार वर्ष पूर्व जब पिथौरा की धरती पर 'रामदर्शन पब्लिक स्कूल' का बीजारोपण हुआ था, तब किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि यह नन्हा सा अंकुर इतनी शीघ्रता से पुष्पित होकर महामहिम राष्ट्रपति के सानिध्य में अपनी महक बिखेरेगा।


रक्षाबंधन के इस पुनीत और पावन अवसर पर पिथौरा के लिए वह ऐतिहासिक क्षण आया, जिसने पूरे क्षेत्र को गौरव से भर दिया। हमारे प्रिय विद्यार्थी - आदित्य शर्मा, नितेश साहू, पुष्पराज ध्रुव और जयश बरिहा ने राष्ट्रपति भवन में देश की माननीया राष्ट्रपति महोदया जी को राखी बांधकर न केवल विद्यालय अपितु पूरे पिथौरा का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है।


यह क्षण हमारे इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। एक छोटे से कस्बे के बच्चों का राष्ट्रपति भवन में जाकर राष्ट्रपति जी को रक्षा सूत्र बांधना, यह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि पिथौरा के सपनों की उड़ान है। यह इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, वह पिथौरा जैसी छोटी जगह से भी निकलकर दिल्ली के सर्वोच्च शिखर तक पहुंच सकती है।



विद्यालय के लिए गर्व का क्षण
इस गौरवमयी अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल जोगिंद्र मेहर  भी बच्चों के साथ उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति और मार्गदर्शन में बच्चों ने अत्यंत ही आत्मविश्वास और संस्कार के साथ यह परंपरा निभाई। बच्चों की यह उपलब्धि विद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और अनुशासन का प्रत्यक्ष परिणाम है।


रामदर्शन पब्लिक स्कूल ने अल्प समय में ही यह सिद्ध कर दिया है कि उसका लक्ष्य केवल किताबी शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों को भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ना भी है। रक्षाबंधन जैसा पवित्र त्यौहार जो भाई-बहन के प्रेम और रक्षा के संकल्प का प्रतीक है, उसे राष्ट्र की प्रथम नागरिक के साथ मनाना अपने आप में एक महान संस्कार है।



निश्चित ही यह उपलब्धि पिथौरा के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है और आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर नगर के प्रबुद्धजनों, राम दर्शन पब्लिक स्कूल झंगोरा के संचालक शंकर अग्रवाल के पुत्र शुभ अग्रवाल ,पालकों और जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय परिवार और इन होनहार बच्चों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।



सवेरा24न्यूज़
राजेश साव 7240825555

Post a Comment

Previous Post Next Post

https://chat.whatsapp.com/ELzIJOwCreWFQ3P0W0Q7P2

Facebook