*बुंदेली / पिथौरा -* महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुंदेली में स्थित पहाड़ी पर विराजित माँ बुंदेली हीन पाठ मंदिर में नवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। महाष्टमी के अवसर पर मंदिर में 51 कन्याओं का विधिवत पूजन कर नवकन्या भोज का आयोजन किया गया।
*आस्था की ज्योत और विशेष व्यवस्था*
क्वांर नवरात्रि में मंदिर समिति द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। इस वर्ष मंदिर में 200 से ज्यादा मनोकामना ज्योति जलाई गई हैं। लगभग 16 सालों से यहाँ क्वांर और चैत्र नवरात्रि में श्रद्धालुओं द्वारा मनोकामना ज्योति जलाई जा रही है। उज्जैन की तर्ज पर यहाँ ज्योति स्तंभ बनाया गया है जो आकर्षण का केंद्र है।
*मंदिर का इतिहास*
मंदिर का इतिहास वर्ष 2006-07 से जुड़ा है। बताया जाता है कि अचानक पहाड़ फटने से माता की प्रतिमा प्राकृतिक रूप से प्रकट हुई थी। स्थानीय लोगों का मानना है कि माता का स्वरूप धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। इसी माता के नाम पर बुंदेली गाँव का नाम पड़ा।
ग्रामवासियों के सहयोग से 2010 में मंदिर समिति का गठन कर पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई। प्रथम अध्यक्ष के रूप में पूनम मानिकपुरी को जिम्मेदारी दी गई, जिन्होंने लगातार 7 साल तक सेवा देकर विकास कार्य कराए। दूसरी बार अध्यक्ष हीराधर साहू, तीसरे अध्यक्ष विमल दास महंत और वर्तमान अध्यक्ष घनश्याम साहू के नेतृत्व में मंदिर का पूर्ण निर्माण कराकर तीन दिवसीय मेले के साथ कलश स्थापना की गई।
*विकास कार्यों में सहयोग*
विमल दास महंत के प्रयास से मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद मोतीलाल वोरा द्वारा 5 लाख रुपये भवन एवं सीसी रोड के लिए, पूर्व विधायक परेश बागबहरा द्वारा 1 लाख ज्योति कक्ष के लिए, जनपद पंचायत पिथौरा के पूर्व अध्यक्ष रोहित नायक द्वारा 3 लाख रुपये और जिला पंचायत सदस्य करण सिंह दीवान द्वारा रंगमंच निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये की राशि दी गई।
शासन-प्रशासन के सहयोग से मंदिर में विद्युत व्यवस्था और ग्राम पंचायत बुंदेली द्वारा पानी के लिए बोर खनन कराया गया है।
*सावन में कांवर यात्रा*
यहाँ सावन में लंबी कांवर यात्रा निकाली जाती है। पहाड़ के ऊपर विराजमान सिद्ध बाबा का जलाभिषेक किया जाता है एवं लंबी चुनरी यात्रा का भी आयोजन होता है। इस मंदिर में सिर्फ श्वेत पूजा को ही मान्यता दी जाती है।
इस अवसर पर बुंदेली, भुरकोनी, छिंदौली, बेलडीह, लिलेसर, उरी डोंगर में माँ शारदा भवानी सहित महासमुंद जिले के बागबाहरा, पिथौरा, सरायपाली, बसना के सभी देवी मंदिरों में नवरात्रि पर आस्था की ज्योत जलाई गई है।
Tags
#बुंदेली/पिथौरा
