जनपद सदस्य दिनेश अग्रवाल बोले– भाजपा सरकार किसानों के हित में कर रही काम, खरीदी केंद्रों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाएं
भुरकोनी। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित भुरकोनी, पंजीयन क्रमांक 1177 में रविवार, 15 नवंबर 2026 को प्रातः 9 बजे विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ खरीफ विपणन वर्ष की धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। शुभारंभ अवसर पर समिति परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। पूजा-अर्चना के पश्चात धान खरीदी की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
कार्यक्रम में प्राधिकृत अधिकारी श्री लिपलेश चक्रधारी, प्रभारी समिति प्रबंधक श्री खिलावन साहू, जनपद सदस्य श्री दिनेश अग्रवाल, सरपंच श्रीमती सरिता राज दीवान, समिति अध्यक्ष, क्षेत्र के किसान, हमाल बंधु एवं समिति के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
भाजपा सरकार किसानों के हित में कर रही कार्य : दिनेश अग्रवाल
इस अवसर पर जनपद सदस्य श्री दिनेश अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और धान खरीदी प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक धान खरीदी केंद्र में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान और उनके हितों की रक्षा करना शासन की प्राथमिकता है।
समिति अध्यक्ष ने किसानों को दिया बेहतर व्यवस्था का भरोसा
समिति अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि धान खरीदी का यह अवसर किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। समिति प्रबंधन का पूरा प्रयास रहेगा कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप धान खरीदी का कार्य व्यवस्थित, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित हो। किसानों को केंद्र में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने किसान भाइयों से अपील की कि वे समिति को सहयोग प्रदान करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना धान विक्रय करें।
सभी की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं समिति पदाधिकारियों ने किसानों को नए खरीदी सत्र की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान किसानों में धान विक्रय को लेकर उत्साह देखने को मिला। समिति प्रबंधन एवं कर्मचारियों ने भी खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।


