गढ़फुलझर स्थित श्री रणेश्वर रामचंडी मंदिर परिसर में 20 जोड़ों का भव्य सामूहिक विवाह सम्पन्न

 




मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना बेटियों के सम्मान और सामाजिक समरसता का प्रतीक — प्रकाश सिन्हा


बसना। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम गढ़फुलझर स्थित श्री रणेश्वर रामचंडी मंदिर परिसर में श्रद्धा, उत्साह एवं सामाजिक समरसता के वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बसना-सरायपाली क्षेत्र के 20 नवविवाहित जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। इस अवसर पर नववधुओं को मंगलसूत्र एवं ₹35,000 की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ श्री रणेश्वर रामचंडी माता के पूजन-दर्शन के साथ किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा नेता एवं विधायक प्रतिनिधि रमेश अग्रवाल, जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल, महिला एवं बाल विकास विभाग के सभापति  प्रकाश सिन्हा, सरायपाली की सभापति श्रीमती उषा लव पटेल, बसना जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि मिलाप निराला तथा परियोजना अधिकारी राम सिंह मिरी उपस्थित रहे।


इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के सभापति  प्रकाश सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना प्रदेश सरकार की अत्यंत संवेदनशील एवं जनकल्याणकारी योजना है, जो बेटियों के सम्मान, सुरक्षा एवं उनके उज्ज्वल भविष्य को सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सहयोग एवं सादगी का सुंदर उदाहरण है। सरकार निरंतर समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।


वहीं भाजपा नेता  रमेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। यह योजना बेटियों के सम्मान एवं उनके सुरक्षित भविष्य की दिशा में सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक विवाह आयोजन समाज में भाईचारे, एकता एवं सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
 नवविवाहित जोड़ों को अतिथियों ने शुभाशीष देते हुए उनके सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की तथा आयोजन को सफल बनाने हेतु महिला एवं बाल विकास विभाग, प्रशासन एवं सभी सहयोगियों को बधाई दी।


इस दौरान कार्यक्रम का संचालन श्रीमती गरिमा कैवर्त एवं उमा पटेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सुपरवाइजर सहित बड़ी संख्या में नवदंपत्तियों के परिजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के दौरान नवदंपत्तियों एवं उनके परिजनों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। पूरे आयोजन में पारंपरिक संस्कृति, सामाजिक एकता एवं जनसहभागिता की सुंदर झलक देखने को मिली।




सवेरा24न्यूज़
राजेश साव 7240825555

Post a Comment

Previous Post Next Post

Facebook