खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम – देवेश निषाद


पिथौरा। पीसीए पिथौरा क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित बहुप्रतीक्षित “संगम क्रिकेट लीग” का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष देवेश निषाद के मुख्य आतिथ्य में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत उपाध्यक्ष वीरेंद्र तिवारी ने की। वहीं वरिष्ठ पार्षद मन्नूलाल ठाकुर, श्रीमती रामकुंवर सिन्हा, संदीप सेन, पुष्पकांत पटेल, प्रेम राजन भीमा रौतिया एवं कौशल दास मानिकपुरी, गोविंद शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पिथौरा क्रिकेट एकेडमी के संरक्षक सुधीर प्रधान, लक्ष्मीकांत सोनी, सतप्रीत विक्की सलूजा सहित संयोजक मनमीत छाबड़ा, दुर्गेश सोनी, अविनाश मित्तल, विजय गौतम, सुनील यादव एवं डोलामढ़ी की सक्रिय भूमिका रही। आयोजन में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, खिलाड़ी एवं नागरिक उपस्थित रहे।


मुख्य अतिथि देवेश निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। क्रिकेट जैसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने पिथौरा क्रिकेट एकेडमी द्वारा क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करते है। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान करती है। प्रतियोगिता में 40 वर्ष से अधिक एवं 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों को शामिल किया गया है, वहीं प्रत्येक टीम में एक इंपैक्ट खिलाड़ी को उम्र सीमा से मुक्त रखा गया है।


लीग का पहला मुकाबला “पांडे नाइट राइडर” एवं “जनसेवा 24 सुपर किंग्स” के मध्य खेला गया। टॉस जीतकर पांडे नाइट राइडर ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जनसेवा 24 सुपर किंग्स ने निर्धारित ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। टीम की ओर से राजू पटेल ने मात्र 30 गेंदों में 71 रनों की विस्फोटक पारी खेली ।लक्ष्य का पीछा करने उतरी पांडे नाइट राइडर की ओर से जय साहू ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को निर्धारित ओवरों में 6 विकेट पर 163 रन तक पहुंचाया। हालांकि टीम लक्ष्य से 24 रन पीछे रह गई और जनसेवा 24 सुपर किंग्स ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए राजू पटेल को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता को लेकर युवाओं एवं क्रिकेट प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।







सवेरा 24 न्यूज़ 
संपादक 
राजेश साव 7240825555

Post a Comment

Previous Post Next Post

Facebook