भगत देवरी, 02 जून 2026: ग्राम भगत देवरी सहित आसपास के करीब दर्जनभर गांवों में शनिवार रात आए भीषण आंधी-तूफान ने तबाही मचा दी। तेज आंधी और बारिश के कारण कई पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए। कई मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले 40 वर्षों में क्षेत्र में ऐसी आंधी पहली बार देखी। कुछ ही मिनटों में इलाके का स्वरूप बदल गया। चारों ओर उखड़े पेड़, टूटे बिजली पोल, मलबे में तब्दील मकान और बिखरी दुकानें नजर आने लगीं। भगत देवरी सहित आसपास के गांवों में 40 से 50 से अधिक कच्चे और खपरैल मकान क्षतिग्रस्त हो गए। कई घरों की छतें उड़ गईं, तो कई मकानों की दीवारें ढह गईं, जिससे परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए।
अंधेरे में डूबा इलाका तो सड़क संपर्क भी बाधित
तूफान के कारण क्षेत्र की विद्युत और संचार व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। मुख्य मार्गों और ग्रामीण सड़कों पर सैकड़ों पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। करीब 40 से 50 बिजली खंभे गिरने और तार टूटने से पूरा इलाका रातभर अंधेरे में डूबा रहा। लाइनमैन संतोष साहू और टीम ने सुबह से ही विद्युत बहाली का काम शुरू कर दिया। प्रशासन से पहले ग्रामीणों ने संभाली स्थिति: सरपंच जय नायक, उप सरपंच बंटी अग्रवाल, पत्रकार खेम राज साहू, गजानंद साहू, हेमंत साहू और सफेद कुमार भोई के नेतृत्व में आपदा के बाद ग्रामीण खुद राहत कार्य में जुट गए। सुबह होते ही लोगों ने कुल्हाड़ी और कटर लेकर सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाना शुरू किया और कई मार्गों पर आवागमन बहाल किया। प्रभावित क्षेत्रों का प्रशासनिक स्तर पर सर्वे कराया जाएगा।
रिपोर्टर - खेमराज साहू
सवेरा 24 न्यूज़ संपादक राजेश साव 7240825555
Tags
भगतदेवरी/ पिथौरा
