महासमुंद, 04 जून 2026/ वर्षा ऋतु के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं से जन एवं पशु हानि की आशंका को देखते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने भारत सरकार द्वारा विकसित ’’दामिनी एप’’ एवं ’’मेघदूत एप’’ का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। लोगों को मौसम संबंधी पूर्वानुमान और सुरक्षा उपायों की जानकारी उपलब्ध कराने सभी जिला, तहसील एवं ग्राम पंचायत मुख्यालयों में पटवारियों, शासकीय शिक्षकों एवं पंचायत सचिवों को इन एप्स के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। दामिनी एप आकाशीय बिजली गिरने की संभावित घटनाओं का पूर्वानुमान लगभग 20 से 31 किलोमीटर के दायरे में उपलब्ध कराता है। इसके माध्यम से नागरिक समय रहते सतर्क होकर आवश्यक सुरक्षा उपाय अपना सकते हैं तथा जन एवं पशु हानि की घटनाओं को कम किया जा सकता है। एप में आकाशीय बिजली से बचाव के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और सावधानियां भी उपलब्ध हैं। इसी प्रकार मेघदूत एप किसानों के लिए उपयोगी मौसम संबंधी जानकारी प्रदान करता है। इसमें तापमान, वर्षा की संभावना, हवा की गति एवं दिशा सहित अन्य महत्वपूर्ण मौसम पूर्वानुमान उपलब्ध रहते हैं, जिससे किसान कृषि कार्यों की बेहतर योजना बना सकते हैं और मौसम जनित जोखिमों को कम कर सकते हैं। दोनों एप गूगल प्ले स्टोर के माध्यम से किसी भी एंड्रॉइड मोबाइल में आसानी से डाउनलोड किए जा सकते हैं।जिला प्रशासन ने नागरिकों, किसानों एवं पशुपालकों से अपील की है कि वे इन एप्स का उपयोग कर मौसम संबंधी समयपूर्व जानकारी प्राप्त करें तथा आकाशीय बिजली एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं।
सवेरा 24 न्यूज़ संपादक राजेश साव 7240825555
Tags
महासमुंद/छत्तीसगढ़
