नदी-नालों एवं पुराने पुल-पुलियों को पार करते समय एहतियात बरतें - कलेक्टर श्री लंगेह



महासमुंद, 06 जुलाई 2026/ जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति से जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मानसून के दौरान वर्षा की संभावना को देखते हुए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे नदी-नालों, पुराने पुल-पुलियों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों को पार करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल जिला स्तरीय बाढ़ कंट्रोल रूम 07723-223305 पर दें। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री लंगेह ने कहा कि नागरिक अपने क्षेत्र में संभावित बाढ़ प्रभावित स्थानों एवं पूर्व वर्षों के उच्चतम जलस्तर की जानकारी रखें। आवश्यक दस्तावेजों को सुरक्षित स्थान पर रखें तथा निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं राहत केंद्र की जानकारी पहले से प्राप्त कर लें। उन्होंने प्रत्येक परिवार से आपातकालीन किट तैयार रखने की अपील की, जिसमें सूखा खाद्य सामग्री, पेयजल, आवश्यक दवाइयां, टॉर्च, आवश्यक दस्तावेज, आपातकालीन संपर्क नंबर, मोमबत्ती, माचिस एवं रस्सी जैसी जरूरी सामग्री शामिल हो। उन्होंने कहा कि बाढ़ की आशंका होने पर पालतू पशुओं को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर पहुंचा दें। बाढ़ की चेतावनी मिलने पर प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। साथ ही अपने परिजनों एवं परिचितों को अपने सुरक्षित स्थान की जानकारी अवश्य दें। पुलिस, राजस्व, दमकल एवं अन्य बचाव दलों के निर्देशों का पालन करें तथा उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करें। कलेक्टर ने नागरिकों को मौसम विभाग की चेतावनियों एवं प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर लगातार नजर रखने कहा है।





सवेरा 24 न्यूज़ 
संपादक
 राजेश साव 7240825555

Post a Comment

Previous Post Next Post

Facebook