पिथौरा 07 अगस्त 2026। नशा मुक्त, स्वस्थ और समृद्ध भारत के निर्माण के संकल्प के साथ चलाए जा रहे "10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान" के तहत 6 अगस्त गुरुवार को पीएम श्री आत्मानंद आर.के. विद्यालय पिथौरा में एक विशाल जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजयोग एजुकेशन एवं रिसर्च फाउंडेशन के चिकित्सा विभाग और ब्रह्माकुमारी सेंटर पिथौरा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी सेंटर पिथौरा की प्रभारी पुष्पा दीदी एवं तोमेश्वरी दीदी ने विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया। विद्यालय के हजारों विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान के दौरान विशेषज्ञों द्वारा नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज में अपराध, तनाव और आर्थिक समस्याओं का भी कारण बनता है।कार्यक्रम में राजयोग, मेडिटेशन और मूल्य आधारित शिक्षा को नशे से बचाव का प्रभावी माध्यम बताया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवनशैली अपनाकर युवा पीढ़ी नशे जैसी बुराई से दूर रह सकती है। कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी पल सामूहिक प्रतिज्ञा समारोह रहा। समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों ने एक साथ हाथ उठाकर नशे को जीवन से दूर रखने और समाज को नशा मुक्त बनाने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली। पूरे परिसर में "नशा मुक्त भारत, समृद्ध भारत" के नारे गूंजते रहे। कार्यक्रम के समापन पर राजयोग एजुकेशन एवं रिसर्च फाउंडेशन द्वारा विद्यालय के प्राचार्य एमके साहू को सहभागिता एवं समापन प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान से भाई चंदर साहू, भारत लाल केवट, एमडी प्रधान, विद्यालय के समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
आयोजकों ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के "नशा मुक्त भारत अभियान" को सफल बनाने के लिए जिले के सभी स्कूलों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाकर एक स्वस्थ और विकसित राष्ट्र का निर्माण किया जा सके।
सवेरा 24 न्यूज़
संपादक
राजेश साव 7240825555
Tags
पिथौरा/महासमुंद


