सवेरा24न्यूज़/राजेश साव
महासमुंद, 05 अगस्त 2026/ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में जिले में संचालित नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं प्रत्येक पात्र बच्चे तथा गर्भवती महिला तक समय पर टीकाकरण सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविंद गुप्ता द्वारा नियमित टीकाकरण सत्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविंद गुप्ता, हेल्थ एजुकेटर सह जिला मीडिया अधिकारी श्री हरिशंकर साहू, बीपीएम श्री जयकांत विश्वकर्मा एवं सेक्टर सुपरवाइजर की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम मेमरा एवं ग्राम राजा सेवैया खुर्द में आयोजित रूटीन इम्यूनाइजेशन सेशन साइट का भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान टीम ने टीकाकरण सत्र की व्यवस्थाओं, लाभार्थियों के पंजीयन, टीकाकरण रिकॉर्ड, वैक्सीन के सुरक्षित रख-रखाव (कोल्ड चेन), एईएफआई प्रबंधन, आवश्यक दवाइयों एवं उपकरणों की उपलब्धता तथा सत्र संचालन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। साथ ही उपस्थित एएनएम, सीएचओ, मितानिन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
डॉ. अरविंद गुप्ता ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र बच्चे एवं गर्भवती महिला का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए तथा छूटे हुए लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें नियमित टीकाकरण से जोड़ा जाए। उन्होंने टीकाकरण के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाने और किसी भी प्रकार की भ्रांतियों को दूर करने के लिए सतत जनसंपर्क गतिविधियां संचालित करने पर भी बल दिया।
उन्होंने कहा कि नियमित टीकाकरण बच्चों को अनेक गंभीर एवं जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। सभी अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं का निर्धारित समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं तथा स्वास्थ्य विभाग के इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
Tags
जिला /महासमुंद
