महासमुंद/पिथौरा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्मित ढाबाखार से भजपुरी और जामजुड़ा से कंचनपुर मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार हो गया है। बारिश के बाद सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और उनमें पानी व कीचड़ भर गया है। इससे स्कूली बच्चों, शासकीय एम्बुलेंस, राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग पहले से ही जर्जर था, लेकिन इस वर्ष मानसून में हुई बारिश ने इसकी हालत और बदतर कर दी है। ढाबाखार से भजपुरी तक मात्र 3 से 4 किलोमीटर की दूरी तय करने में अब करीब आधा घंटा लग जा रहा है। इसी प्रकार जामजुड़ा से कंचनपुर तक 3 किलोमीटर का सफर भी आधे घंटे से ज्यादा समय ले रहा है।
सड़क पर बने गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। कई स्थानों पर तो पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। इससे वाहन चालकों को दुर्घटना का डर हमेशा बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार स्कूली बच्चे कीचड़ में फिसलकर गिर चुके हैं और एम्बुलेंस को भी मरीजों को लेकर आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार विभाग द्वारा समय पर मरम्मत न कराए जाने के कारण यह समस्या बढ़ गई है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं की गई तो आने वाले समय में कोई बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि जर्जर हो चुके इस मार्ग की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए। साथ ही स्थायी समाधान के लिए सड़क का डामरीकरण कराया जाए, ताकि क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके और किसी अनहोनी से बचा जा सके।
सवेरा24न्यूज़राजेश साव 724082555
Tags
भगतदेवरी/ पिथौरा
