महासमुंद। पवित्र श्रावण माह में हजारों शिव भक्त "बोलबम" का जयकारा लगाते हुए पैदल कांवड़ यात्रा पर निकले हैं। कांवड़ियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग NH-53 पर टोल प्लाजा टीम ने कमर कस ली है। टोल प्लाजा की हाईवे पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस टीम द्वारा कांवड़ियों की सेवा के साथ-साथ उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रतिवर्ष श्रावण माह में NH-53 पर शिव भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। दूर-दूर से आए कांवड़िये जल लेकर पैदल अपने गंतव्य की ओर बढ़ते हैं। ऐसे में हाईवे पर दुर्घटना का खतरा और यात्रियों की थकान को देखते हुए टोल प्लाजा प्रबंधन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है।
सेवा और सुरक्षा दोनों एक साथ
टोल प्लाजा की हाईवे पेट्रोलिंग टीम 24 घंटे हाईवे पर गश्त कर रही है। टीम द्वारा पैदल चल रहे कांवड़ियों को सड़क के किनारे सुरक्षित मार्ग से चलने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही तेज रफ्तार वाहनों पर नजर रखी जा रही है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। वहीं एंबुलेंस टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है। यदि किसी कांवड़िये को थकान, चक्कर या किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होती है तो तुरंत प्राथमिक उपचार और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
आराम, चाय-नाश्ते की उत्तम व्यवस्था
कांवड़ियों की थकान को देखते हुए टोल प्लाजा परिसर और हाईवे किनारे विश्राम स्थल बनाए गए हैं। यहां शिव भक्तों के लिए बैठने की व्यवस्था, पीने का ठंडा पानी, चाय और नाश्ते की उत्तम व्यवस्था की गई है। टोल कर्मियों द्वारा स्वयंसेवक बनकर कांवड़ियों की मदद की जा रही है। कई कांवड़िये लंबी दूरी तय कर आते हैं, उनके लिए यह सेवा किसी राहत से कम नहीं है।
टोल प्लाजा टीम के अधिकारी ने बताया कि श्रावण माह भर यह सेवा लगातार जारी रहेगी। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक शिव भक्त सुरक्षित रूप से अपनी यात्रा पूरी करे। कांवड़ियों ने भी टोल टीम के इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि गर्मी और थकान के बीच मिली यह सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था से यात्रा काफी सुगम हो गई है।
NH-53 पर की गई यह पहल श्रद्धा और सेवा का अद्भुत उदाहरण बन गई है।
सवेरा24न्यूज़राजेश साव 7240825555
Tags
झलप/महासमुंद
