ADVERTISEMENT
Electric Scooty Advertisement 1
Electric Scooty Advertisement 2
Electric Scooty Advertisement 3

अटल परिसर महासमुंद में होगा मुख्य आयोजन, 8 हजार दीपों से रोशन होगा परिसर

 



महासमुंद, 14 सितंबर 2026/ सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत महासमुंद जिले में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिलेभर में करीब 6 लाख दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया जाएगा। कार्यक्रम को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा से जोड़ते हुए जिले में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम का मुख्य आयोजन अटल परिसर, महासमुंद में होगा, जहां लगभग 8 हजार दीपों से परिसर को रोशन किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के सभी प्रमुख मंदिरों, चौक-चौराहों, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों, पंचायत भवनों, पीडीएस भवनों, अमृत सरोवरों, ग्रामीण बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। जिलेवासियों से ‘हर घर एक दीया’ जलाकर इस जनअभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया गया है।

इस संबंध में आज प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद ने टास्कफोर्स एवं सभी नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां 16 सितंबर तक पूर्ण करने तथा कार्यक्रम में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, श्री रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।



शाम 7 बजे एक साथ जगमगाएंगे जिले के चिन्हित स्थल

17 सितंबर को शाम 5 बजे से 6 बजे तक विभिन्न स्थलों पर साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था तथा ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था पूर्ण की जाएगी। शाम 6 बजे से 6:30 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी एवं रंगोली प्रदर्शन होगा। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्व-सहायता समूह की दीदियों और नागरिकों की सहभागिता रहेगी।
शाम 7 बजे जिला मुख्यालय सहित जिले के सभी चिन्हित स्थलों—शहरी चौक, ग्राम पंचायतों, शासकीय कार्यालयों एवं मोहल्लों—में एक साथ सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। दीपों की यह रोशनी सेवा, संकल्प, सुशासन और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में 5.51 लाख से अधिक दीप जलाने का लक्ष्य

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक शासकीय प्रतिष्ठान, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के आवास, अमृत सरोवर, पंचायत भवन, पीडीएस भवन एवं सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। विकासखंडवार महासमुंद में लगभग 1 लाख 5 हजार, बसना में 1 लाख 2 हजार, पिथौरा में 1 लाख 26 हजार, बागबाहरा में 1 लाख 11 हजार तथा सरायपाली में 1 लाख 7 हजार दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 5 लाख 51 हजार दीप जलाए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त नगरीय क्षेत्रों में बसना, पिथौरा, तुमगांव एवं सरायपाली में लगभग 20 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाने का लक्ष्य है। जिले में प्रारंभिक रूप से लगभग 5 लाख 83 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे, जिसे जनभागीदारी के माध्यम से बढ़ाकर करीब 6 लाख दीप तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

प्रभारी कलेक्टर सुश्री अनुपमा आनंद ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 17 सितंबर को अपने घर, प्रतिष्ठान और आसपास के सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान को सफल बनाएं और सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण की इस भावना से जुड़ें।



सवेरा24न्यूज़
राजेश साव 7240825555

Post a Comment

Previous Post Next Post

https://chat.whatsapp.com/ELzIJOwCreWFQ3P0W0Q7P2

Facebook