*सांकरा, महासमुंद/ स्थानीय अग्रवाल समाज द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव 2026 अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अग्रवाल सभा के संरक्षक कैलाश चंद्र अग्रवाल, विनोद सिंघल व जयप्रकाश गोयल, अध्यक्ष देवी दयाल गर्ग, उपाध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, सचिव रोहतास गोयल एवं कोषाध्यक्ष श्रीनिवास अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात समाजजनों ने आदिपुरुष महाराजा अग्रसेन जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
जयंती के पावन अवसर पर नगर में विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बाइक और कार रैली ने पूरे नगर को अग्र मय कर दिया। शोभायात्रा में रथ पर सवार नन्हे-मुन्ने बच्चे विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्होंने महाराजा अग्रसेन और माता दुर्गा के मनमोहक स्वरूप धारण किए थे। नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न सामाजिक व व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का आत्मीय स्वागत किया गया।
सायंकालीन सत्र में आध्यात्मिक माहौल के बीच सुंदरकांड पाठ और भव्य श्याम भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें सुमधुर भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
उत्सव के अंतिम चरण में अग्रवाल सभा द्वारा पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें समाज के विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं समाज के गौरवों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अग्रवाल महिला मंडल और अग्रवाल युवा मंच के पदाधिकारियों व सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
अग्रवाल समाज द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। ध्वजारोहण व पूजन के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बाइक-कार रैली और बच्चों द्वारा अग्रसेन व दुर्गा स्वरूप आकर्षण रहे। शाम को सुंदरकांड व श्याम भजन संध्या हुई। प्रतिभावान छात्रों का सम्मान किया गया।
सवेरा24न्यूज़
राजेश साव 7240825555
