महासमुंद 27 मई 2026/ जिले में किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण रासायनिक उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार कृषि एवं राजस्व विभाग द्वारा उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण सतत जारी है। इसी क्रम में आज उप संचालक कृषि श्री फागू राम कश्यप एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बसना श्री हरि शंकर पैकरा के नेतृत्व में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी बसना श्रीमती उषाकांति खेस ने सागरपाली स्थित श्री किसान कृषि सेवा केन्द्र तथा भंवरपुर स्थित जय दुर्गा कृषि सेवा केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उर्वरकों के भंडारण, विक्रय दर, स्टॉक पंजी तथा पॉश मशीन के माध्यम से की जा रही वितरण व्यवस्था का अवलोकन किया गया। निरीक्षण में संबंधित विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि किसानों को शासन द्वारा निर्धारित दर पर तथा उनके रकबे के अनुसार ही रासायनिक उर्वरकों का वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही दुकानों में उपलब्ध उर्वरकों की दर सूची प्रदर्शित करने एवं सभी आवश्यक अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए। इसी तरह संयुक्त टीम द्वारा तहसील कोमाखान अंतर्गत ग्राम मुनगासेर में खोमसिंह पिता घनाराम साहू के कोठार में लगभग 50 बोरी यूरिया खाद अवैध रूप से जमा पाया गया, जिसकी खरीदी सम्बन्धित बिल वाउचर उनके द्वारा नहीं दिखाया गया। उक्त यूरिया को जप्त करने की कार्रवाई की गई। वहीं संयुक्त टीम द्वारा ग्राम पटेवा में प्रतीक बीज भंडार दुकान एवं गोदाम का निरीक्षण किया गया। जिसमें पॉस मशीन में 328 बोरी यूरिया खाद बताया गया, भौतिक रूप से 214 बोरी पाया गया। जिसमें 114 बोरी यूरिया खाद कम मिला। कृषि विभाग द्वारा खाद एवं पॉस मशीन जब्ती की कार्रवाई की गई।कृषि विभाग ने निर्देशित किया है कि किसानों को समय पर एवं उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। यदि किसी विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूली जाती है अथवा किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि उर्वरक क्रय करते समय पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें तथा किसी प्रकार की शिकायत होने पर राजस्व विभाग अथवा कृषि विभाग से संपर्क करें।
सवेरा 24 न्यूज़ संपादक राजेश साव 7240825555
Tags
महासमुंद/छत्तीसगढ़
