पिथौरा | सांकरा | विकास खंड शिक्षा अधिकारी पिथौरा श्रीमती लक्ष्मी डडसेना के मार्गदर्शन में संत अन्ना उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा में जोन स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी पूर्णानंद मिश्रा एवं विकास खंड स्रोत केंद्र समन्वयक नरेश पटेल ने संकुल समन्वयकों व प्रधान पाठकों को नए शिक्षा सत्र की तैयारियों के निर्देश दिए। बैठक की शुरुआत सरस्वती वंदना व पूजन से हुई। बीआरसीसी नरेश पटेल ने कहा कि स्कूल खुलने से पहले परिसर की सफाई, रंग-रोगन, शौचालय व किचन शेड की स्वच्छता सुनिश्चित करें। वर्षा ऋतु में सांप-बिच्छू व जहरीले कीड़ों का खतरा रहता है, इसलिए ऐसी कोई जगह न छोड़े जहां ये छिप सकें। मध्यान्ह भोजन कक्ष में लकड़ी स्टोर न करें, इसके लिए अलग स्थान तय करें। चावल व अन्य सामग्री सीधे जमीन पर न रखकर ईंट-पाटे के सहारे पठेरा बनाकर रखें। एबीईओ पूर्णानंद मिश्रा ने शाला प्रवेशोत्सव को यादगार बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सीजी पोर्टल में मूलभूत एंट्री, यू-डाइस स्टूडेंट प्रोग्रेशन, डेली डायरी, पाठ्यक्रम, समय सारिणी, पंजियों का संधारण, पीटीएम बैठक, जियो टैग एंट्री, एफएलएन, वर्क बुक, अंगना म शिक्षा, बालवाड़ी, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक-गणवेश, इको क्लब, स्काउट्स-गाइड्स, बाल केबिनेट, किचन गार्डन, योग-खेलकूद, गुड टच-बैड टच, बालिका आत्मरक्षा जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की। श्री मिश्रा ने सख्त लहजे में कहा कि स्कूलों में शराब या अन्य नशे के साथ कोई भी कर्मचारी प्रवेश न करे। इसके लिए संकुल समन्वयकों को सूक्ष्म निरीक्षण के निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि अब नशे की स्थिति में पाए जाने वाले शिक्षकों के विरुद्ध राज्य शासन सीधे बर्खास्तगी की कार्रवाई कर रहा है, इसलिए सभी अलर्ट रहें। संकुल प्राचार्य दीपक देवांगन ने कहा कि शिक्षक पाठ्य विषयवस्तु की तैयारी करके विद्यालय जाएं। बाल मन कई प्रश्न करता है, इसलिए स्वाध्ययन जरूरी है। शिक्षा सत्र शुरू होने से पहले सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर लें। बैठक में जोन प्रभारी लखन कुर्रे, तुलाराम राणा, अंजय कश्यप, परशुराम बरिहा, पद्मन चौधरी, मिलूराम बरिहा, नेपाल सिंह जगत, दीलिप कुलदीप, छत्र कुमार राणा, प्राचार्य ओमेश्वर दीवान, पूर्व बीआरसी गौतम प्रसाद कन्हैर सहित समस्त संकुल समन्वयक एवं प्राथमिक-माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक उपस्थित थे। संचालन व आभार प्रदर्शन जोन प्रभारी संकुल समन्वयक लखन कुर्रे ने किया।
सवेरा 24 न्यूज़ संपादक राजेश साव 7240825555
Tags
पिथौरा/सांकरा
