महासमुंद, 15 जुलाई 2026/महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। काले चावल के व्यापार के नाम पर 28.47 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले 4 साल से फरार आरोपी आकाश शर्मा को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।कार्यालय पुलिस अधीक्षक महासमुंद से मिली जानकारी के अनुसार यह मामला थाना महासमुंद के अपराध क्रमांक 362/2022 धारा 420, 419, 120बी, 34 भादवि एवं 66डी आईटी एक्ट से जुड़ा है। मामले में एक आरोपी अंकित तोमर को पहले ही गिरफ्तार कर चालान पेश किया जा चुका है।
*क्या था पूरा मामला*
आर्शीवाद कॉलोनी लभराखुर्द निवासी श्रीमती अनुपमा सेन की "सेन एंड सेन ऑर्गेनिक फर्म" काले चावल का राष्ट्रीय स्तर पर व्यापार करती है। वर्ष 2022 में फर्म के प्रबंधक अमर्त्य सेन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म "ग्लोबल ट्रेड बाजार" पर काले चावल के बायर तलाश रहे थे। इसी दौरान आरोपी अंकित शर्मा ने खुद को ग्लोबल ट्रेड बाजार का कर्मचारी बताकर संपर्क किया और फर्जी बायर्स दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद अतुल शर्मा नाम के दूसरे आरोपी ने खुद को "दिव्य कम्युनिकेशन" का कर्मचारी बताकर ईजीसी प्रमाण पत्र, एनओसी, ग्लोबल ट्रेड सर्टिफिकेट और सीएसडीई रजिस्ट्रेशन बनवाने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाई। प्रार्थिया की फर्म से कुल 28 लाख 47 हजार 600 रुपये आईसीआईसीआई बैंक और फेडरल बैंक के खातों में ट्रांसफर कराए गए। व्हाट्सएप पर भेजे गए सभी ट्रेडिंग और प्रमाणन दस्तावेज जांच में फर्जी पाए गए।
*गिरफ्तारी*
विवेचना के दौरान आरोपी अंकित तोमर पिता राजेश तोमर निवासी मोहन गार्डन नई दिल्ली को पहले गिरफ्तार किया गया था। लगातार पतासाजी के बाद दिनांक 14.07.2026 को फेडरल बैंक खाते के धारक आकाश शर्मा पिता दिगम्बर शर्मा उम्र 26 वर्ष निवासी के-3/135, मोहन गार्डन, थाना मोहन गार्डन, उत्तम नगर, साउथ वेस्ट दिल्ली को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में आकाश शर्मा ने ठगी की रकम अपने खाते में प्राप्त कर अन्य आरोपियों को ट्रांसफर करने की बात स्वीकार की है।
*मुख्य आरोपी फरार*
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह का मुख्य आरोपी विवेक तोमर अभी फरार है। उसकी पता तलाश जारी है। महासमुंद पुलिस ने आम व्यापारियों से अपील की है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग और सर्टिफिकेट के नाम पर आने वाले किसी भी प्रस्ताव की पूरी जांच कर लें।
सवेरा 24 न्यूज़ संपादक राजेश साव 7240825555
Tags
महासमुंद/छत्तीसगढ़
