फुलझर स्कूल के बाहर बाइक सवारों का आतंक, प्राचार्य ने सांकरा पुलिस से लगाई गुहार




पिथौरा ,08 जुलाई 2026/ पिथौरा विकासखंड के फुलझर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भगतदेवरी के आसपास रोजाना कुछ युवकों द्वारा मोटरसाइकिल से अनावश्यक चक्कर लगाने और मॉडिफाइड तेज आवाज वाले साइलेंसर के उपयोग से शैक्षणिक माहौल बाधित हो रहा है। इसको लेकर स्कूल के प्राचार्य तारेंद्र साहू ने सांकरा थाना प्रभारी को पत्र लिखकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।प्राचार्य द्वारा लिखे पत्र में उल्लेख है कि स्कूल में प्रतिदिन आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने आते हैं। स्कूल खुलने और छुट्टी के समय कुछ युवक स्कूल परिसर के आसपास बार-बार मोटरसाइकिल से चक्कर लगाते हैं। साथ ही तेज ध्वनि वाले मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और छात्राओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।प्राचार्य ने पत्र में सांकरा थाना प्रभारी से अनुरोध किया है कि विद्यालय परिसर के आसपास नियमित पुलिस गश्त कराई जाए। साथ ही अनावश्यक रूप से घूमने वाले युवकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि विद्यालय का वातावरण सुरक्षित और अनुशासित बना रहे।


स्कूल की जानकारी -
फुलझर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भगतदेवरी, विकासखंड पिथौरा, जिला महासमुंद में स्थित है। यहां आसपास के कई गांवों के बच्चे अध्ययन के लिए आते हैं। स्थानीय अभिभावकों ने भी प्राचार्य की मांग का समर्थन किया है। उनका कहना है कि स्कूल समय में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगना जरूरी है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और शांत माहौल में शिक्षा मिल सके। फिलहाल पत्र मिलने के बाद पुलिस प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।










सवेरा 24 न्यूज़ 
संपादक 
राजेश साव 7240825555

Post a Comment

Previous Post Next Post

Facebook