ग्राम पौसरा जलमग्न, घरों में घुसा पानी

 



आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम, मोक्ष कुमार प्रधान भी रहे आंदोलन में शामिल

सवेरा24न्यूज़/राजेश साव

महासमुंद / बसना। लगातार जलभराव और प्रशासन की लापरवाही से परेशान बसना विधानसभा के ग्राम पौसरा में हालात गंभीर हो गए। बारिश का पानी गांव में भर जाने से कई घर जलमग्न हो गए और लोगों के घरों में पानी घुस गया। लंबे समय से समस्या का समाधान नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।



ग्रामीणों के आंदोलन में मोक्ष कुमार प्रधान, सदस्य जिला पंचायत महासमुंद क्षेत्र क्रमांक 12, भी शामिल हुए और ग्रामीणों की मांगों का समर्थन करते हुए तत्काल समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और कहा कि वर्षों से इस समस्या की अनदेखी की जा रही है।



स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बसना थाना प्रभारी शरद दुबे मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्काल जेसीबी मशीन मंगाकर जल निकासी का कार्य शुरू कराया। रास्ता खोलने और पानी की निकासी की व्यवस्था किए जाने के बाद ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


प्रशासन की ओर से तत्काल कार्रवाई शुरू होने के बाद ग्रामीण शांत हुए और हाईवे पर लगाया गया चक्का जाम समाप्त किया गया।


इस अवसर पर मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि जनता की मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ग्राम पौसरा की जलभराव समस्या का स्थायी समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर और बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post

Facebook