150वीं वर्षगांठ पर ऐतिहासिक आयोजन
पिथौरा - विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिथौरा में भी पूरे राष्ट्र की तरह ठीक सुबह 11 बजे वंदे मातरम् का सामूहिक गायन आयोजित किया गया। वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर पूरे देश भर के हजारों सरस्वती शिशु मंदिरों के साथ पिथौरा में भी यह ऐतिहासिक आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों नगरजनों और विद्यालय के भैया-बहनों ने पूर्ण वंदे मातरम् का गान कर अपनी देशभक्ति प्रस्तुत की।
तेज बारिश भी नहीं रोक पाई वंदे मातरम् का गान
शुक्रवार को सुबह ठीक 11 बजते ही विद्यालय के भैया-बहनों के साथ भारी तूफानी बारिश के बीच नगर के सैकड़ों देशभक्त बारिश में भीगते हुए तीन मिनट से अधिक समय तक वंदे मातरम् का गान करते रहे। तेज बारिश के बावजूद नगरवासियों का जज्बा देखते ही बन रहा था। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को एक साथ जोड़कर सामूहिक वंदे मातरम् गायन का नया विश्व कीर्तिमान बनाना है।
विद्या भारती के नमामि भारतम् अभियान के तहत आयोजन
कार्यक्रम के पूर्व मुख्य अतिथि सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा एवं कार्यक्रम अध्यक्ष पालक समिति के नंद कुमार साहू ने वंदे मातरम् गान की विस्तृत व्याख्या की। मुख्य अतिथि मनमीत सिंह छाबड़ा ने अपने उद्बोधन में बताया कि वंदे मातरम् की रचना 7 नवंबर 1875 को बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा की गई थी। इसे भारत के राष्ट्रीय गीत का दर्जा प्राप्त है। हम सब इसे बहुत ही सम्मान से गाते हैं, सरस्वती शिशु मंदिरों में ही यह गायन हमेशा होता है जिसकी एक झलक आज देखने को मिली। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक राष्ट्रव्यापी आयोजन के लिए विद्यालय बधाई का पात्र है। वहीं कार्यक्रम अध्यक्ष नंद कुमार साहू ने वंदे मातरम् की संपूर्ण व्याख्या प्रस्तुत की।
ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष देवसिंह निषाद, भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी वेद प्रकाश गोयल, शहीद भगत सिंह शिक्षण समिति के अध्यक्ष बोधीराम चौधरी, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रीतराम सूर्ये, कोषाध्यक्ष राजिंदर सिंह, सचिव सुरेश ठाकुर, पूर्व व्यवस्थापक लखन निषाद, पार्षद पुष्पकांत पटेल, एल्डरमैन नरेश सिंघल, स्काउट गाइड संघ के कमिश्नर लक्ष्मीकांत बबलू सोनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष शर्मा, समिति सदस्य बजरंग अग्रवाल, पत्रकार गौरव चंद्राकर, युवराज चौहान एवं विजय गुप्ता, समिति के वरिष्ठ सदस्य यशवंत छाबड़ा, रौनक सलूजा, तेजस पंड्या, मनीष पंड्या, रवि ओझा, तुषार पंड्या, विद्यालय की प्राचार्या गायत्री राजपूत, सरजू राम सिन्हा, सीताराम पटेल सहित सैकड़ों की संख्या में नगरजन, पालकगण एवं विद्यालय के भैया-बहन तथा आचार्य-दीदी उपस्थित थे।
सवेरा24न्यूज़
राजेश साव 7240825555

