बसना।शासकीय प्राथमिक शाला बिलखंड में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र की लोकप्रिय जनप्रतिनिधि एवं सरायपाली विधायक चतुरी नंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ विधायक प्रतिनिधि रामेश पटेल,ग्राम पंचायत के सरपंच भानु प्रताप पटेल, उपसरपंच फगुलाल बरिहा, बीओ, वीआरसी, समन्वयक, शाला के प्रधान पाठक विजय कुमार धृतलहरे, सहायक शिक्षक शांभुसिंह पारेश्वर, एसएमसी अध्यक्ष अभ्यास भोई, उपाध्यक्ष कुंजराम यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने हाल ही में हुए पोलवा हमले में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति में दीप प्रज्वलित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे परिसर में दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
अपने संबोधन में विधायक श्रीमती चतुरी नंद ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि प्राथमिक शिक्षा ही भविष्य की मजबूत नींव होती है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करने की बात कही।
इसके पश्चात विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटक एवं कविताओं की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया तथा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। इस सफल आयोजन से विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों में उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला।
सवेरा24न्यूज़राजेश साव 7240825555
Tags
बसना/ महासमुंद
