पिथौरा। जिले के आकांक्षी विकासखंड पिथौरा अंतर्गत ग्राम लाखागढ़ में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनका लाभ लिया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष श्रीमती ऊषा घृतलहरे उपस्थित थीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सिन्हा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा, जनपद सदस्य पुरुषोत्तम घृतलहरे, लाखागढ़ सरपंच प्रियरंजन कोसरिया, सरकंडा सरपंच प्रियंका सिन्हा, छिबर्रा सरपंच नंदिनी दिवान, गोड़बहाल सरपंच रुक्मणी सेन, भाजपा नेता दुलीकेशन साहू, मनमोहन जैन, लाखागढ़ उपसरपंच पंचराम मटियारा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष श्रीमती ऊषा घृतलहरे ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा ग्रामीणों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं और ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें तथा अपने आसपास के लोगों को भी इन योजनाओं की जानकारी दें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सिन्हा ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं और जानकारी उपलब्ध हो रही है, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अन्य लोगों को भी इनके प्रति जागरूक करें। सीईओ जनपद पंचायत पिथौरा श्रीमती योगेश्वरी बर्मन एवं नीति आयोग के एबीएफ विकास दीप टंडन के नेतृत्व में यह शिविर केंद्र सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड पिथौरा में चल रहे संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत आयोजित किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन उमेश दीक्षित ने किया।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यक परामर्श दिया गया। पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे उन्हें भविष्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।कृषि विभाग द्वारा किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ी जानकारी दी गई तथा योजना से संबंधित लंबित मामलों का निराकरण किया गया। साथ ही किसानों को आधुनिक खेती और कृषि से संबंधित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषित बच्चों की जांच की गई तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। विभाग द्वारा महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य और बाल देखभाल के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। वहीं शिक्षा विभाग द्वारा नई शिक्षा नीति के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी गई और विद्यार्थियों तथा अभिभावकों को शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों से अवगत कराया गया।
सवेरा 24 न्यूज संपादक राजेश साव 7240825555
Tags
महासमुंद/छत्तीसगढ़
