महासमुंद: जिले के दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण के लिए ,23 एवं 24 जुलाई को शिविर आयोजित



महासमुंद 17 जुलाई 2026/ जिले के दिव्यांगजनों को निःशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जबलपुर द्वारा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (एआईसी) के निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत 23 एवं 24 जुलाई 2026 को वितरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में पूर्व में आयोजित मूल्यांकन शिविरों में चिन्हांकित दिव्यांग हितग्राहियों को आवश्यकतानुसार विभिन्न सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे।उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती संगीता सिंह ने बताया कि जिले में प्रथम चरण के तहत सभी विकासखंडों में दिव्यांगजनों के लिए मूल्यांकन शिविर आयोजित किए गए थे। इनमें चिन्हांकित पात्र हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित करने के लिए दोनों दिनों में प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर लगाए जाएंगे। गुरुवार 23 जुलाई 2026 को डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन, खैरा (महासमुंद) में आयोजित शिविर में महासमुंद एवं बागबाहरा विकासखंड के हितग्राहियों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। वहीं शुक्रवार 24 जुलाई 2026 को मांगलिक भवन, बसना में आयोजित शिविर में पिथौरा, बसना एवं सरायपाली विकासखंड के चिन्हांकित हितग्राही लाभान्वित होंगे।समाज कल्याण विभाग ने सभी पात्र हितग्राहियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर स्थल में उपस्थित होने की अपील की है। सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए हितग्राहियों को उपकरण चिन्हांकन पावती, आधार कार्ड तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। शिविर के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों एवं विकासखंड स्तर के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा चिन्हांकित हितग्राहियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।








सवेरा 24 न्यूज़ 
संपादक 
राजेश साव 7240825555

Post a Comment

Previous Post Next Post

Facebook