भगतदेवरी/- ग्राम भगतदेवरी एवं नारायणपुर में आंगनबाड़ी विभाग द्वारा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जनपद सदस्य भारती छोटू अग्रवाल, पूर्व सभापति डॉ. हेमंत कौशिक, उपसरपंच बंटी अग्रवाल, पूर्व सरपंच श्रीमती सानमोती चौहान एवं किरण सोना सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण समाज के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। बच्चों और महिलाओं से संबंधित गतिविधियों के नियमित आयोजन से ग्रामीण परिवारों में जागरूकता बढ़ती है तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है।
पर्यवेक्षक श्रीमती यदु मैडम के मार्गदर्शन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती रुखमानी साय, रजनी नाग एवं प्रभा तांडी की सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जो उनके योगदान को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।
कार्यक्रम में छोटे बच्चों को उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं एवं ग्रामीण परिवारों को बच्चों के पोषण, देखभाल और सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
इस आंगन मिलन कार्यक्रम ने जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, महिलाओं एवं ग्रामीण परिवारों के बीच आपसी समन्वय और सहभागिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
सवेरा24न्यूज़
राजेश साव 7240825555
