ढोढरकसा में 6 में से सिर्फ 2 शिक्षक पदस्थ, 11 दिन से बंद था स्कूल - अधिकारियों के आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन
महासमुंद - ग्राम ढोढरकसा के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षकों की कमी का मामला आखिर सड़क तक पहुंच गया। लंबे समय से शिक्षकों की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे सैकड़ों ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने बुधवार को भगतदेवरी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर चक्काजाम कर दिया।
करीब 1 घंटे 20 मिनट तक चले इस चक्काजाम के कारण हाईवे पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
6 पद स्वीकृत, केवल 2 शिक्षक पदस्थ
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में 6 शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में मात्र 2 शिक्षक ही पदस्थ हैं। शिक्षकों की कमी के कारण 33 विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। विशेष रूप से गणित, अंग्रेजी और आर्ट्स जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक न होने से बच्चों का भविष्य अंधकार में है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई।
11 दिनों से स्कूल में थी तालाबंदी
ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षकों की स्थायी व्यवस्था की मांग को लेकर पिछले 11 दिनों से स्कूल में तालाबंदी कर आंदोलन किया जा रहा था। अधिकारियों से लगातार मांग के बाद भी समाधान न निकलने पर मजबूरन उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग पर उतरकर चक्काजाम करना पड़ा।
वैकल्पिक व्यवस्था के बाद खत्म हुआ आंदोलन
चक्काजाम की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन, एसडीएम बजरंग सिंह वर्मा और एसडीओपी अजीत ओगरे मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्या को गंभीरता से सुना।
जिला शिक्षा अधिकारी बी.एल. देवांगन ने बताया कि स्कूल में शिक्षकों की कमी को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। गणित विषय के व्याख्याता सहित दो शिक्षकों को अटैच किया गया है। इस व्यवस्था के बाद अब स्कूल में कुल 4 शिक्षक उपलब्ध हो गए हैं। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
सवेरा24न्यूज़
राजेश साव 7240825555


