बसना,महासमुंद 13 जुलाई 2026/ पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर द्वारा घोषित बी.एससी. अंतिम वर्ष की वार्षिक परीक्षा मार्च-अप्रैल 2025 की मेरिट सूची में महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र के छात्र मणीशंकर साव ने प्रदेश में आठवां स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। पंडित स्व. जयदेव सतपथी शासकीय महाविद्यालय, बसना के छात्र मणीशंकर साव ने कुल 1800 अंकों में से 1392 अंक प्राप्त किए हैं।
*शुरू से ही मेधावी छात्र*
मणीशंकर साव मूलतः बसना विकासखंड के ग्राम देवरी (पिलवापाली) के निवासी हैं। उन्होंने कक्षा 1 से 10वीं तक की पढ़ाई शासकीय विद्यालय देवरी से की। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में *92.33 प्रतिशत* अंक लाकर पूरे संकुल में प्रथम रहे। इसके बाद ग्रामीण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तोषगांव से हायर सेकेंडरी में 80 प्रतिशत अंक के साथ क्षेत्र में टॉपर बने। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने बसना के शासकीय महाविद्यालय में प्रवेश लिया। यहां श्रीमती आरती साव, गीतिका प्रधान एवं रोशनी गुप्ता के मार्गदर्शन में अध्ययन किया। 2024-25 में उन्हें *"स्टूडेंट ऑफ द ईयर"* के खिताब से भी नवाजा गया था।
*प्राचार्य बोले - प्रेरणास्रोत बनेंगे मणीशंकर*
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.के. साव ने बताया कि मणीशंकर अत्यंत होनहार और मेहनती छात्र हैं। बीएससी प्रथम वर्ष में विश्वविद्यालयीन पद्धति समझने में कुछ समय लगा, लेकिन द्वितीय और अंतिम वर्ष में उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया। डॉ. साव ने कहा कि यदि प्रथम वर्ष में कुछ और अंक मिल जाते तो मणीशंकर के प्रदेश में प्रथम या द्वितीय स्थान की संभावना थी।
*सफलता का श्रेय परिवार और गुरुओं को*
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय मणीशंकर ने माता-पिता *श्रीमती उर्मिला साव - सतीश साव*, मामा *केशव कुमार साव*, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों और सभी गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि _"नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।"_मणीशंकर की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार, शिक्षकों, क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
सवेरा 24 न्यूज़
संपादक
राजेश साव 7240825555
Tags
बसना/महासमुंद
